मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के हरिसभा चौक पर देर शाम नगर निगम की गाड़ी ने तेज़ी और लापरवाही से चलाते हुए एक कार में जोरदार टक्कर मार दी। कार सवार गर्भवती और उसके पति जख्मी हो गए। कार भी क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर मारने के बाद चालक गाड़ी लेकर भागने लगा। जिसे कार सवार महिला के पति ने स्थानीय लोगों की मदद से दबोच लिया। आक्रोशित होकर लोगों ने चालक की हल्की पिटाई भी कर दी। इस कारण अफरातफरी और हंगामा का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर मिठनपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। चालक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चालक की पहचान बोचहां के राम विनय के रूप में हुई है। इस सम्बंध में सदपुरा मोहल्ले के ओमप्रकाश ने थाना में शिकायत दर्ज कराई है। थानेदार भगीरथ प्रसाद ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम की गाड़ी भी पुलिस अभिरक्षा में है।
पीड़ित ने बताया कि वे शाम में अपनी गर्भवती पत्नी को डॉक्टर के पास लेकर जा रहे थे। इसी दौरान नगर निगम का चालक कचरा ढोने वाली गाड़ी को तेजी और लापरवाही से चलाते हुए आया और कार में जोरदार टक्कर मार दिया। उन्होंने कहा कि संयोग रहा कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि निगम के चालक अक्सर गाड़ी को तेज रफ्तार से चलाते हैं। अगर कोई विरोध भी करता है तो उससे विवाद करने लगते हैं। इस कारण शहर में पहले भी कई हादसे हुए हैं। लेकिन, इनके खिलाफ कभी ठोस कार्रवाई नहीं होती है। इसलिए ये मनमाना रवैया अपनाते हैं।